बेगूसराय जाति गणना में नौ लाख परिवारों में 1364 बेघर

बेगूसराय, हिन्दुस्तान टीम। जिले में जाति जनगणना के प्रथम चरण में मकान नंबरीकरण के क्रम में 1364 बेघर परिवार मिले। कुल सर्वेक्षित भवनों की संख्या चार लाख 95 हजार 733, मकानों की संख्या सात लाख पांच हजार 448, परिवारों की संख्या आठ लाख 92 हजार 623 दर्ज की गई। जिला प्रशासन ने जिले में करीब दस लाख परिवार होने का अनुमान लगाया था। 7049 प्रगणक हुए थे प्रतिनियुक्त जातीय गणना के लिए प्रथम चरण में जिले में सात हजार 49 प्रगणकों को प्रतिनियुक्त किया गया था। प्रति प्रगणक डेढ़ सौ परिवारों को गणना का दायित्व दिया गया था। बिहार जाति आधारित गणना 2022 का प्रथम चरण 07-21 जनवरी तक आयोजित किया गया। इसके तहत मकान नम्बरीकरण तथा संक्षिप्त गृह पंजी को तैयार किया गया। पुनरीक्षित कार्यक्रम के अनुसार जाति आधारित गणना कार्य 31 मई, 2023 तक पूर्ण कर लिया जाना है। दूसरा चरण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। आर्थिक स्थिति के सर्वेक्षण का होगा प्रयास जाति आधारित गणना के दौरान आर्थिक स्थिति के सर्वेक्षण का भी प्रयास किया जायेगा। पंचायत व शहरी निकायों के वार्डों को गणना के लिए प्रारंभिक इकाई (गणना ब्लॉक) माना गया है। वार्ड को गणना ब्लॉक के रूप में घोषित किया गया है। गणना का कार्य वार्डवार (शहरी एवं ग्रामीण) किया गया। लगभग 700 आबादी का कार्य एक प्रगणक को सौंपा गया था। पंचायत या नगर निकाय में किसी वार्ड की आबादी 700 से कम होने पर वहां एक प्रगणक और 700 से अधिक होने पर क्रमश उप गणना ब्लॉक बनाते हुए प्रगणकों की नियुक्ति की गई थी। 10 कॉलम के आंकड़ों का हुआ है संग्रह बीहट व बरौनी में जाति जनगणना का प्रथम चरण पूरा कर लिया गया है। जाति जनगणना पहले चरण में दस कॉलम का आंकड़ों का संग्रह किया गया तथा विहित प्रपत्र में परिवार के मुखिया का भी हस्ताक्षर कराया गया। प्रथम चरण में मकान व भवन गणना का कार्य प्रगणकों के द्वारा किया गया। प्रथम चरण में भवन, भवन में मकान की संख्या, रहने वाले परिवार की संख्या, सदस्य संख्या, मकान की श्रेणी कच्चा या पक्का, मकान आवासीय या फिर गैर आवासीय की स्थिति की जानकारी विहित प्रपत्र में भरे गये। बरौनी की कुल 15 पंचायतों के कुल 209 वार्डो में कुल 414 गणना ब्लॉक बनाये गये थे और प्रत्येक गणना ब्लॉक के लिए एक प्रगणक तथा छह से सात गणना ब्लॉक पर एक पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये थे। बरौनी में कुल 414 प्रगणक तथा 71 पर्यवेक्षक तथा बीहट नगर परिषद के कुल 37 वार्डो को 229 गणना ब्लॉक में बांट कर 229 प्रगणक तथा 37 पर्यवेक्षक लगाये गये थे। बरौनी बीडीओ वीरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी प्रगणकों तथा पर्यवेक्षकों ने अपना अंतिम रिपोर्ट जमा कर दिया है। बरौनी में 40 व बीहट नगर परिषद में 14 बेघर परिवार जाति जनगणना के पहले चरण में मकान, भवन व परिवारों की गणना में बरौनी में 40 तथा बीहट नगर परिषद में 14 बेघर परिवार मिले हैं। बरौनी के बथौली में 29, मल्हीपुर दक्षिण में 10 तथा सिमरिया दो में एक बेघर परिवार मिले हैं। बरौनी के कुल 15 पंचायतों के कुल 209 वार्ड में हुई गणना में कुल 27984 भवन, 32126 मकान, 52103 परिवार की गणना की गई है। वहीं बीहट नगर परिषद कें कुल 37 वार्डो में कुल 13548 भवन, 15834 मकान तथा 25633 परिवार मिले हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post